भारत ने कल आए भूकंप के बाद म्यांमार को 15 टन राहत सामग्री भेजी है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना के C-130J विमान ने हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से सहायता सामग्री पहुंचाई है। राहत पैकेज में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, खाने के लिए तैयार भोजन और जनरेटर सेट जैसी आवश्यक आपूर्ति शामिल है। इसके अतिरिक्त, आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक्स, सीरिंज, दस्ताने और पट्टियाँ जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा आपूर्ति भेजी जा रही है।
कल म्यांमार और पड़ोसी थाईलैंड में शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे इमारतें, पुल और एक मठ नष्ट हो गए। म्यांमार में कम से कम 144 लोग मारे गए। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जहां एक निर्माणाधीन ऊंची इमारत ढह गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर चिंता व्यक्त की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने दोनों देशों के नागरिकों की सुरक्षा और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है और विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के संपर्क में रहने को कहा।
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान घटना के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि वे म्यांमार के अधिकारियों के संपर्क में हैं और सहायता और राहत सामग्री के मामले में सटीक आवश्यकताओं पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी इस तरह की प्राकृतिक आपदाएँ हुई हैं, तो भारत हमेशा पड़ोस में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाला देश रहा है।
