नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के महामंत्री कमलजीत सहरावत ने बुधवार को कहा कि निजी स्कूलों में फीस बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेताओं की बयानबाजी से दिल्ली वाले स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि फीस बढ़ोतरी की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सभी निजी स्कूलों के खाते आडिट करवाने का आदेश दिया है। उसके बाद भी आआपा नेता इस मुद्दे पर बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा महामंत्री ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि आआपा विधायक दल एवं संगठन के बीच शीतयुद्ध चलता लग रहा है और इस आंतरिक लड़ाई पर अरविंद केजरीवाल का अंकुश नहीं रह गया है। इसी का परिणाम है कि नेता प्रतिपक्ष आतिशी और दिल्ली आआपा प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज एक ही विषय पर रोज अलग-अलग बयान दे रहे हैं।
