उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज से गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर होंगे। इस यात्रा के दौरान, श्री धनखड़ कल मोरमुगाओ बंदरगाह का दौरा करेंगे, जहाँ वे बंदरगाह की नई परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे और मोरमुगाओ बंदरगाह प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बातचीत करेंगे। उपराष्ट्रपति बंदरगाह पर तटरक्षक पोत पर सवार भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे।
गुरुवार को, श्री धनखड़ आईसीएआर-केंद्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान का दौरा करेंगे, जहां वे संकाय सदस्यों और वैज्ञानिकों से बातचीत करेंगे। वे राजभवन भी जाएंगे, जहां वे आयुर्वेद और शल्य चिकित्सा में उनके विशिष्ट योगदान को याद करते हुए क्रमशः चरक और सुश्रुत की प्रतिमाओं का उद्घाटन करेंगे।
