प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने बताया कि बिहार के मोतिहारी में उनके दौरे के दौरान 7,200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का राष्ट्र को समर्पण या शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन कार्यों में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, चार नई अमृत भारत ट्रेनें, सड़क परियोजनाएँ और अन्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ लोगों के लिए अवसरों के द्वार खोलेंगी।
श्री मोदी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक कार्यक्रम में, वह विभिन्न कार्यों की आधारशिला रखेंगे और पाँच हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। ये परियोजनाएँ तेल एवं गैस, बिजली, रेलवे और सड़क जैसे क्षेत्रों को कवर करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल टीएमसी के कुशासन से त्रस्त है और लोग भाजपा की ओर आशा भरी नज़रों से देख रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि केवल भाजपा ही विकास कर सकती है। श्री मोदी ने कहा कि वह आज दुर्गापुर में एक रैली को संबोधित करेंगे।
