सीपी राधाकृष्णन आज भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में श्री राधाकृष्णन को पद की शपथ दिलाएँगी। इस महीने की 9 तारीख को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में वे विजयी हुए हैं। एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को 452 वोट मिले और उन्होंने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया।
तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन ने अपनी राजनीतिक यात्रा एक छात्र नेता के रूप में शुरू की थी। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे संगठनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे। तब से, उन्होंने राजनीति को जनता की सेवा के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया है। वे कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए। श्री राधाकृष्णन झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रह चुके हैं। पेशे से एक कृषक और उद्योगपति होने के नाते, वे अपनी ईमानदारी, दूरदर्शिता और बेदाग सार्वजनिक जीवन के लिए प्रशंसित हैं। उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के साथ ही, वे इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाले तमिलनाडु के तीसरे नेता भी होंगे।
