बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान मोन्था 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और मछलीपट्टनम से लगभग 230 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और काकीनाडा से 310 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। आंध्र प्रदेश, यनम और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा तटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग और भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केन्द्र द्वारा जारी संयुक्त बुलेटिन में आंध्र प्रदेश, यनम, समीपवर्ती दक्षिण ओडिशा तट और छत्तीसगढ़ के लिए कल तक रेड वार्निंग जारी की गई है।
आज रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना है। तूफान के आज रात मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है, जिसकी हवा की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। समुद्र की लहरें 1.8 से 3.8 मीटर तक ऊँची उठ सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इस महीने की 29 तारीख तक इन जगहों पर न जाने की सलाह दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से बात की और केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। श्री नायडू ने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निचले इलाकों से लोगों को पुनर्वास केंद्रों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। जिला कलेक्टर और विशेष अधिकारी बचाव और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, जबकि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैयार हैं। दक्षिण मध्य रेलवे, पूर्वी तट रेलवे और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज के लिए कई सेवाएँ रद्द कर दी हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से घरों के अंदर रहने और सुरक्षा सलाह का पालन करने का आग्रह किया है।
ओडिशा में, राज्य सरकार ने आसन्न तूफ़ान के किसी भी संभावित प्रभाव से निपटने के लिए तैयारियों को तेज़ कर दिया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को चक्रवात आश्रय केंद्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है, और राज्य सरकार की योजना आज सुबह तक 35,000 से ज़्यादा लोगों को इन केंद्रों में स्थानांतरित करने की है।
मोन्था के प्रभाव के कारण, ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में कल से ही बारिश हो रही है और कई इलाकों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ दक्षिणी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र आज से तीन दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। रेलवे ने 43 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं।
