केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चालू खरीफ सीजन के लिए तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में 15 हजार करोड़ रुपये की खरीद योजना को मंजूरी दे दी है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान और मंत्रालय की अन्य योजनाओं के तहत एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान ये मंजूरियाँ दी गईं।
कृषि मंत्री ने कहा कि ये स्वीकृतियां यह सुनिश्चित करने के लिए दी गई हैं कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले तथा बाजार में उतार-चढ़ाव से उनकी आय सुरक्षित रहे।
मंत्रालय ने तेलंगाना से चार हज़ार चार सौ मीट्रिक टन से अधिक मूंग, सौ प्रतिशत उड़द और 25 प्रतिशत सोयाबीन की खरीद को मंज़ूरी दे दी है। साथ ही, ओडिशा से 18,470 मीट्रिक टन अरहर की खरीद को भी मंज़ूरी दी गई है।
केंद्र ने महाराष्ट्र से 33 हज़ार मीट्रिक टन मूंग, 3 लाख 25 हज़ार 680 मीट्रिक टन उड़द और 18 लाख 50 हज़ार 700 मीट्रिक टन सोयाबीन की खरीद को भी मंज़ूरी दे दी है। इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश से लगभग 22 लाख 21 हज़ार 632 मीट्रिक टन सोयाबीन की खरीद की जाएगी।
