नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास सोमवार शाम हुई कार विस्फोट की घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। इस दुखद हादसे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
वीरेंद्र सचदेवा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि दिल्ली में हुए भीषण धमाके की घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि, और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हम सभी इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए। भाजपा नेता ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताया और प्रभावितों के साथ एकजुटता जताई।
