दशकों तक वैज्ञानिकों का मानना था कि तारों के बीच की जगह लगभग खाली होती है, जिसमें केवल कभी-कभी धूल के बादल या छोटे कण ही दिखाई देते हैं। लेकिन जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट के शोधकर्ताओं ने हाल ही में यह पता लगाया है कि हमारा सौरमंडल शायद कम घनी, गर्म गैस के एक बड़े स्ट्रक्चर के भीतर मौजूद है। इस स्ट्रक्चर में एक शाखाओं वाला टनल हो सकता है, जो हमारे सौरमंडल को गैलेक्सी के दूरस्थ हिस्सों से जोड़ता है, बिल्कुल उसी तरह जैसे साइंस फिक्शन फिल्म इंटरस्टेलर में दिखाया गया था।
इस टनल का पता eROSITA एक्स-रे टेलिस्कोप के डेटा से लगाया गया, जिसमें उन्होंने स्पेस में गर्म प्लाज़्मा के संभावित मार्ग की खोज की। यह टनल लोकल हॉट बबल से शुरू होती है, जो अंतरिक्ष के कम घनत्व वाले क्षेत्र में फैला है और हमारे सौरमंडल का निकास बिंदु बनता है। यह टनल सेंटॉरस और कैनिस मेजर तारों के क्लस्टर की ओर बढ़ती है। अगर यह टनल सही साबित होती है, तो यह गैलेक्सी में गर्म प्लाज़्मा के एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इस खोज से अंतरिक्ष में मैटर और एनर्जी के प्रवाह को समझने का तरीका बदल सकता है।
लोकल हॉट बबल की पहचान सबसे पहले 20वीं सदी में हुई थी। यह लगभग 300 लाइट-ईयर तक फैला हुआ है और माना जाता है कि यह पिछले 10 से 20 मिलियन सालों में हुए कई बड़े सुपरनोवा विस्फोटों से बना है। इन धमाकों ने आसपास की घनी गैस को हटा दिया, जिससे गर्म और फैला हुआ प्लाज़्मा बचा जो एक्स-रे के माध्यम से देखा जा सकता है। नई खोज से पता चला है कि तापमान में बड़े बदलाव और एक निश्चित दिशा में बहते गर्म प्लाज़्मा का मार्ग मौजूद है।
अभी तक इस टनल की पूरी मैपिंग नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती सबूत दर्शाते हैं कि तारों के बीच का स्थान खाली या एक जैसा नहीं है। यह क्षेत्र फटते तारों से निकलने वाली गैस और गैलेक्सी के बहाव से बना है, और ये सभी तत्व मिलकर एक स्पंज जैसे नेटवर्क का निर्माण करते हैं। इस नेटवर्क में सभी स्ट्रक्चर आपस में जुड़े हुए हैं और समय के साथ लगातार बदलते रहते हैं, जिससे हमारी गैलेक्सीय संरचना और उसमें मौजूद गर्म प्लाज़्मा के प्रवाह की समझ और भी जटिल हो जाती है।
