15 दिसंबर। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को बोंडी बीच पर हुई फायरिंग मामले में मौत का आंकड़ा बढ़कर 16 हो गया है। घटना के चश्मदीदों ने फायरिंग के दौरान का खौफनाक मंजर बयां किया। इस सबके बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज पर निशाना साधा है।
नेतन्याहू ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों के खिलाफ हो रही साजिशों को लेकर उन्होंने 4 महीने पहले अल्बनीज को एक चिट्ठी लिखी थी
नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम पर इस फायरिंग को भड़काने का आरोप लगाया। नेतन्याहू ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों के खिलाफ हो रही साजिशों को लेकर उन्होंने 4 महीने पहले अल्बनीज को एक चिट्ठी लिखी थी।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार को घेरते हुए इजरायली पीएम ने कहा, “यहूदियों का विरोध एक कैंसर है
ऑस्ट्रेलियाई सरकार को घेरते हुए इजरायली पीएम ने कहा, “यहूदियों का विरोध एक कैंसर है। यह तब फैलता है जब लीडर चुप रहते हैं। यह तब पीछे हटता है जब लीडर एक्शन लेते हैं। मैं आपसे अपील करता हूं कि आप कमजोरी को एक्शन से और शांति को पक्के इरादे से बदलें। इसके बजाए, प्रधानमंत्री, आपने कमजोरी को कमजोरी से और तुष्टीकरण को और अधिक तुष्टीकरण से बदल दिया।”
नेतन्याहू ने कहा आपने बीमारी को फैलने दिया और इसका नतीजा यह है कि आज हमने यहूदियों पर भयानक हमले देखे
इजरायली पीएम ने अल्बनीज पर यहूदियों के विरोध में चल रही गतिविधियों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आपकी सरकार ने ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों के विरोध को फैलने से रोकने के लिए कुछ नहीं किया। आपने अपने देश के अंदर बढ़ रहे कैंसर को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। आपने कोई एक्शन नहीं लिया। आपने बीमारी को फैलने दिया, और इसका नतीजा यह है कि आज हमने यहूदियों पर भयानक हमले देखे।”
एक मुस्लिम बहादुर व्यक्ति ने आतंकवादी को रोका, बेगुनाह यहूदियों की जान बचाई, उसे हमारा सलाम
उन्होंने आगे कहा, “हमने एक बहादुर आदमी का एक्शन देखा, जो एक मुस्लिम बहादुर आदमी निकला और मैं उसे सलाम करता हूं, जिसने इन आतंकवादियों में से एक को बेगुनाह यहूदियों को मारने से रोका, लेकिन इसके लिए आपकी सरकार के एक्शन की जरूरत है, जो आप नहीं कर रहे हैं, और आपको करना ही होगा, क्योंकि इतिहास हिचकिचाहट और कमजोरी को माफ नहीं करेगा। यह एक्शन और ताकत का सम्मान करेगा।”
हम उनसे लड़ते हैं जो हमें खत्म करने की कोशिश करते हैं
पीएम नेतन्याहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “इजरायल पश्चिम और दूसरी जगहों पर आपकी हर सरकार से यही उम्मीद करता है, क्योंकि बीमारी फैलती है और यह आपको भी खा जाएगी, लेकिन हम अभी अपने लोगों, अपनी सुरक्षा के बारे में चिंता कर रहे हैं, और हम चुप नहीं रहेंगे। हम उनसे लड़ते हैं जो हमें खत्म करने की कोशिश करते हैं। वे सिर्फ हमें खत्म करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं; वे हम पर इसलिए हमला करते हैं क्योंकि वे पश्चिम पर हमला करते हैं।”
सीरिया में, कल दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी इंटरप्रेटर को भी मारा गया
बीते दिन सीरिया में दो अमेरिकी सैनिक मारे गए। इसे लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, “सीरिया में, कल दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी इंटरप्रेटर को भी मारा गया। उन्हें इसलिए मारा गया क्योंकि वे हमारे कॉमन कल्चर को रिप्रेजेंट करते हैं। इस हमले के नतीजे में, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि अगर आप दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को टारगेट करते हैं, तो आप अपनी बाकी की छोटी, चिंता भरी जिंदगी यह जानते हुए बिताएंगे कि अमेरिका आपको ढूंढेगा, और बेरहमी से मार डालेगा। हम अमेरिका के लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं भेजते हैं, और मैं कहना चाहता हूं कि हमारी नीति बिल्कुल वैसी ही नीति है।”
इजरायली पीएम ने चेतावनी दी है कि दुनिया के किसी भी कोने में कोई अगर यहूदियों को चोट पहुंचाएगा, तो उसे बेरहमी से खत्म किया जाएगा
इजरायली पीएम ने सख्त चेतावनी दी है कि दुनिया के किसी भी कोने में कोई अगर यहूदियों को चोट पहुंचाएगा, तो उसे बेरहमी से खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में हमारी यही नीति है जो अमेरिका की है। हत्यारे अपनी अपनी बाकी की छोटी, चिंता भरी जिंदगी यह जानते हुए बिताएंगे कि इजरायल उनका शिकार करेगा, उन्हें ढूंढेगा और बेरहमी से खत्म कर देगा। हम चुपचाप बैठकर इन हत्यारों को हमें मारने नहीं देंगे।
