आजकल इंटरनेट पर ऐसे कई ऐप्स देखने को मिल जाते हैं जो दावा करते हैं कि वे किसी भी व्यक्ति की कॉल हिस्ट्री, SMS डिटेल्स या यहां तक कि WhatsApp कॉल रिकॉर्ड भी दिखा सकते हैं. ऐसे दावे लोगों को जल्दी आकर्षित कर लेते हैं लेकिन अब एक नई रिपोर्ट ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. बताया गया है कि लाखों Android यूजर्स ऐसे ही फर्जी ऐप्स के जाल में फंस गए जिन्होंने नकली जानकारी दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठे.
सिक्योरिटी रिसर्च कंपनी ESET की रिपोर्ट के अनुसार, Google Play Store पर मौजूद 28 खतरनाक Android ऐप्स को 73 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया. इन ऐप्स ने यूजर्स को भरोसा दिलाया कि वे किसी भी नंबर की निजी कॉल डिटेल्स निकाल सकते हैं जबकि असलियत कुछ और ही थी.
रिपोर्ट के मुताबिक जांच की शुरुआत एक Reddit पोस्ट से हुई थी. वहां एक ऐप Call History of Any Number को लेकर चर्चा हो रही थी. यह ऐप खुद को Indian gov.in नाम के डेवलपर द्वारा बनाया गया बताता था जिससे लोगों को लगा कि शायद इसका संबंध किसी सरकारी संस्था से है.
लेकिन जांच में पता चला कि ऐप का भारत सरकार से कोई लेना-देना नहीं था. रिसर्चर्स ने पाया कि ऐप के अंदर पहले से ही कुछ नाम, नंबर और नकली कॉल टाइमिंग्स कोड के जरिए सेव किए गए थे. जब यूजर कोई नंबर डालता था, तो ऐप उन्हीं तैयार नकली डिटेल्स को दिखा देता था.
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि इन ऐप्स का मुख्य टारगेट भारत और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के यूजर्स थे. कई ऐप्स में पहले से +91 कंट्री कोड चुना हुआ मिलता था और UPI पेमेंट सपोर्ट भी दिया गया था ताकि भारतीय यूजर्स आसानी से पैसे दे सकें. कुछ ऐप्स सालाना सब्सक्रिप्शन के लिए 80 डॉलर तक चार्ज कर रहे थे जबकि छोटे प्लान्स की कीमत भी कई सौ रुपये तक पहुंच रही थी.
ESET ने दिसंबर 2025 में इन ऐप्स की जानकारी Google को दी. इसके बाद Google ने कार्रवाई करते हुए सभी 28 ऐप्स को Play Store से हटा दिया. हालांकि खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है क्योंकि ऐसे फर्जी ऐप्स नए नाम और डिजाइन के साथ दोबारा सामने आ सकते हैं. इसलिए किसी भी ऐप पर भरोसा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचनी चाहिए.
जो ऐप किसी दूसरे व्यक्ति की निजी जानकारी दिखाने का दावा करे उससे सावधान रहना बेहद जरूरी है. कॉल रिकॉर्ड, WhatsApp चैट या SMS जैसी निजी जानकारी बिना अनुमति हासिल करना संभव नहीं होता. ऐसे ऐप्स अक्सर लोगों की जिज्ञासा का फायदा उठाकर ठगी करते हैं. इसलिए हमेशा भरोसेमंद डेवलपर के ऐप्स ही डाउनलोड करें और किसी भी संदिग्ध ऐप को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें.