नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में द्वारका-बी वार्ड से पार्टी की उम्मीदवार सुमिता मलिक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। यादव ने कहा कि सुमिता मलिक के चुनाव कार्यालय की शुरुआत के मौके पर यहां कांग्रेस कार्यकर्ता और वार्ड की जनता के पहुंचने से उनकी जीत का भरोसा दिखाई देता है। कांग्रेस जो आधी आबादी महिलाओं को उनकी शत प्रतिशत हिस्सेदारी देने का दावा करती है, हमने निगम निगम चुनाव में 5 वार्डों से महिलाओं को उम्मीदवार बनाकर दिल्ली में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की एक मिसाल भी दी है।
यादव ने कहा कि नजफगढ़ जिले में 2 वार्डों में निगम उपचुनाव है और जिला अध्यक्ष सहित 5 विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत ब्लाक अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 30 नवंबर तक कमर कस कर एकजुटता के साथ कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम में लगना होगा।
यादव ने कहा कि हमारा संगठन ब्लाक से लेकर बूथ तक मजबूत है। ब्लाक अध्यक्ष के तहत मंडलम अध्यक्ष और सेक्टर इंचार्ज की नियुक्ति के बाद प्रत्येक बूथ पर 5 कांग्रेस कार्यकर्ताओं बनाई जा चुकी है जो प्रत्येक मतदाता के साथ सम्पर्क करके भाजपा और आम आदमी पार्टी की नाकामियां और वार्ड में गंदगी, कूड़े के ढेर के बारे चर्चा कर रहे है। उन्होंने कहा कि अब वो समय नहीं रहा जब लोग चुनाव के वक्त घरों से बाहर निकलकर काम करते थे। संगठन सृजन अभियान के तहत संगठन मजबूती के लिए अब हर समय कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र में मौजूद रहते है और पार्टी संबंधी गतिविधियों में हमेशा सक्रिय रहते हैं।
