श्री जायसवाल ने बताया कि भारत ने नेपाल में चल रहे बचाव और राहत कार्यों में सहयोग के लिए 47 टन से अधिक आपातकालीन राहत सामग्री भेजी है। उन्होंने कहा कि भारत बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए बेली ब्रिज भी तैनात कर रहा है। श्री जायसवाल ने बताया कि सरकार ने विदेश मंत्रालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो चौबीसों घंटे काम करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों ने 24 घंटे सातों दिन चलने वाली हेल्पलाइन शुरू की हैं।
श्री जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल अपने नेपाली समकक्ष से बात की और जानमाल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और हर संभव मानवीय सहायता प्रदान करने की पेशकश की।
चीन की सीमा में फंसे भारतीय नागरिकों के बारे में श्री जायसवाल ने बताया कि बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास उनकी सुरक्षित निकासी के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 200 भारतीय नागरिकों ने निकासी के लिए सहायता मांगी है। फंसे हुए भारतीयों में से 95 दारचेन में हैं और वर्तमान में नेपाल में प्रवेश करने के लिए हिल्सा जा रहे हैं। इसके अलावा, चार जिलॉन्ग शहर में, 13 ज़ुथुलपुक में हैं और सागा शहर की ओर जा रहे हैं, जबकि 60 से 70 अन्य भी सागा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और वे उनकी बचाव और निकासी के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
.
